पाकिस्तानी सैनिकों ने किया नियंत्रण रेखा उल्लंघन, सेना के एक पोर्टर की मौत

 28 May 2017  1357
ब्यूरो रिपोर्ट/in24 न्यूज़, मुंबई

पाकिस्तानी सैनिकों ने कश्मीर के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन किया,साथ ही गोलीबारी की जिससे सेना के एक पोर्टर की मौत हो गई। इस हमले में एक और जवान घायल हो गया। सेना के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार रात केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर बिना किसी तरह के उकसावे के गोलीबारी किया साथ हि संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जिससे एक सेना पोर्टर की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हुआ। अधिकारी ने कहा कि मृतक पोर्टर का शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंपा गया है, जबकि घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इससे पहले पुंछ सेक्टर में सेना ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। तड़के 2:30 बजे कृष्णा घाटी सेक्टर में एलओसी पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिसके बाद घुसपैठिए को मार गिराया गया था। सेना के मुताबिक, आज सुबह नाकाम की गई घुसपैठ की कोशिश सप्ताहभर में दूसरी सबसे बड़ी कोशिश है। खुफिया जानकारी मिलने के बाद घुसपैठिए को मारा गया, सर्च ऑपरेशन जारी बताया जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को पाकिस्तानी बॉर्डर ऐक्शन फोर्स टीम(BAT) के दो सदस्यों को सेना ने उड़ी सेक्टर में मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा, पिछले सप्ताह नौगाम और कुपवाड़ा जिलों में भी घुसपैठ की कोशिशें नाकाम कर दी गई थीं।