डी कंपनी में फूट की खबर सच या फ़साना ?

 14 Dec 2017  1241

 

सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ 

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के बीच फूट की खबर बीते कई दिनों से लगातार आ रही है। हालांकि इस मसले पर मुंबई पुलिस के बड़े अधिकारी कुछ नहीं बोल रहे हैं। इस बीच यह माना जा रहा है, कि दाऊद अपना कारोबार अनीस के हाथों में सौंपने वाला है। आपको बता दें कि अनीस इब्राहिम दाऊद का सगा भाई है।

 

मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार डी कंपनी के बीच फूट की खबर कई दशकों से आ रही है और इकबाल कासकर की गिरफ्तारी के बाद यह फूट अपने चरम पर पहुंच गई है । मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी का कहना है कि दाऊद अब बूढ़ा हो चूका है और इसी कारण अनीस अब दाऊद का कारोबार संभाल सकता है।

लेकिन शकील जहां एक तरफ दाऊद का करीबी है तो वहीं अनीस दाऊद का सगा भाई है ऐसे में यह भी आकलन लगाए जा रहे हैं कि दाऊद के कारोबार को कौन संभालेगा उस मुद्दे पर भी दोनों के बीच अनबन चल रही है। 90 के दशक में डी कंपनी की मुंबई में तूती बोलती थी। फ़िल्मी जगत से लेकर बिल्डरों के मन में डी कंपनी का खौफ अक्सर बना रहता था।

बहरहाल डी कंपनी में फूट की खबर में कितनी सच्चाई है इस पर पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे है। हालांकि माना जा रहा है कि शकील और दाऊद के बीच जल्द ही समझौता हो जाए क्योंकि दाऊद के बिना हरी झंडी के शकील पाकिस्तान में नहीं रह सकता और यदि शकील विदेश में रहने की सोचता है तो इंटरपोल द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।