आज जावेद अख्तर का 79वां जन्मदिन

 17 Jan 2024  282

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज जानेमाने शायर, लेखक और गीतकार जावेद अख्तर 79 वर्ष के हो गए। 17 जनवरी 1945 को शायर-गीतकार जां निसार अख्तर के घर जब एक लड़के ने जन्म लिया तो उसका नाम जादू रखा गया। बाद मे जां निसार के यही पुत्र जादू जावेद अख्तर के नाम से फिल्म इंडस्ट्री में बेहद लोकप्रिय हुए। बचपन से ही शायरी से जावेद अख्तर का गहरा रिश्ता रहा। उनके घर शेरो-शायरी की महफिलें सजा करती थी जिन्हें वह बड़े चाव से सुना करते थे। जावेद अख्तर के गीतों की यह खूबी रही है कि वह अपनी बात बड़ी आसानी से दूसरों को समझाते हैं। उनके जन्म के कुछ समय के बाद उनका परिवार लखनऊ आ गया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से पूरी की। कुछ समय तक वहां रहने के बाद वह अलीगढ़ आ गए जहां वह अपनी खाला के साथ रहने लगे। जावेद अख्तर ने अपनी मैट्रिक की पढ़ाई अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपनी स्नातक की शिक्षा भोपाल के साफिया कॉलेज से पूरी की लेकिन कुछ दिनों के बाद उनका मन वहां नहीं लगा और वह अपने सपनों को नया रूप देने के लिये वर्ष 1964 में मुंबई आ गए। मुंबई पहुंचने पर जावेद अख्तर को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मुंबई में कुछ दिनों तक वह महज सौ रुपए 1की तनख्वाह पर फिल्मों मे डॉयलाग लिखने का काम करने लगे। इस दौरान उन्होंने कई फिल्मों के लिये डॉयलाग लिखे लेकिन इनमें से कोई फिल्म बॉक्स आफिस पर सफल नहीं हुई। मुंबई में जावेद अख्तर की मुलाकात सलीम खान से हुई जो फिल्म इंडस्ट्री में बतौर संवाद लेखक अपनी पहचान बनाना चाह रहे थे। इसके बाद वह और सलीम खान संयुक्त रूप से काम करने लगे। वर्ष 1970 में प्रदर्शित फिल्म अंदाज की कामयाबी के बाद जावेद अख्तर कुछ हद तक बतौर डॉयलाग रायटर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने मे सफल हो गए। बता दें कि शबाना आज़मी से उन्होंने दूसरी शादी की। जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर और बेटी ज़ोया अख्तर आज बॉलीवुड में अपनी बखूबी पहचान बना चुके हैं।