आज मुंबई में होगा सुशांत सिंह का अंतिम संस्कार

 15 Jun 2020  619

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज मुंबई में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार किया जाएगा. सुशांत ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सुशांत के खुदकुशी का कारण डिप्रेशन में होना बताया जा रहा है। मामले की जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि उन्हें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सुशांत मूल रूप से बिहार से हैं, रविवार को पटना में उनके घर के बाहर लोगों को जमावड़ा दिखा। पहले खबर थी कि उनका अंतिम संस्कार पटना में होगा, लेकिन अब मुंबई में ही तय किया गया है। उनके पिता और कुछ अन्य करीबी मुंबई पहुंच चुके हैं। पुलिस की ओर से सुशांत की मौत के बारे में जो शुरुआती जानकारी मिली, उसके मुताबिक वो डिप्रेशन के शिकार थे और पिछले छह महीने से उनका इलाज चल रहा था, वह लगातार डॉक्टर के संपर्क में थे। उनके करीबी रिश्तेदारों ने ये बात भी कही है कि इसी साल उनकी शादी होने वाली थी, वह नवंबर में शादी करने वाले थे। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देर रात आई जिसमें आत्महत्या की पुष्टि की गई है। डॉक्टरों ने उनके वाइटल ऑर्गन्स को आगे जांच के लिए जेजे अस्पताल भेजा है। जहां शरीर में किसी तरह के ड्रग्स या जहर की मौजूदगी का पता लगाया जाएगा। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर अभी किसी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक, सुशांत के घर में हादसे के वक्त उनके अलावा कुल चार लोग और मौजूद थे जिसमें उनके दो बावर्ची, एक हाउस कीपिंग का कर्मचारी शामिल है। सुशांत ने आधी रात अपने एक दोस्त को फोन लगाया था, लेकिन इस दोस्त से उनकी बात हो ना सकी। पुलिस के मुताबिक सुशांत अपने बेडरूम में ही थे। रविवार सुबह नाश्ते के वक्त सुशांत ने काफी समय तक अपने बेडरूम का दरवाजा नहीं खोला। करीब 12 बजे दरवाज़ा तोड़ा गया तब सुशांत का शव छत की सीलिंग से लटकता पाया गया। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर 28 वर्षीय दिशा सालियान ने नौ जून को एक इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिछले सप्ताह राजपूत ने सालियान की मौत पर शोक जताया था और इसे दिल दहला देने वाली खबर बताया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि यह बेहद ही दिल दहला देने वाली खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। भगवान आपकी आत्मा को शांति दें।