सोनू निगम ने बताया म्यूजिक इंडस्ट्री भी पाक साफ़ नहीं

 19 Jun 2020  591

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड में गुटबाजी और मनमानी किस कदर जारी है इसपर अब खुलकर बात होने लगी है. इसी कड़ी में गायक सोनू निगम ने भी माना है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में भी जमकर मनमानी की जा रही है. बता दें कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड के बाद से बॉलीवुड इंडस्ट्री में नेपोटिज्म और गुटबाजी को लेकर नई बहस छिड़ गई है। सुशांत के निधन के बाद कई कलाकार, गायक और निर्देशक इंडस्ट्री को लेकर कई नए-नए खुलासे कर रहे हैं। बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर कहा है कि म्यूजिक इंडस्ट्री से भी सुसाइड की खबर आ सकती है। बॉलीवुड में फिल्मों से भी बड़ा म्यूजिक माफिया है। यही नहीं सोनू निगम ने नाम लिए बिना एक अभिनेता और म्यूजिक कंपनियों पर भी निशाना साधा है। सोनू निगम ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह इंडस्ट्री में म्यूजिक माफिया के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए नजर आ रहे हैं, जो नई प्रतिभाओं के करियर में रुकावट पैदा कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सोनू ने कहा कि गुड मॉर्निंग, नमस्ते… मैंने बहुत दिनों से वीलॉग नहीं किया। असल में मेरा मूड नहीं था। पूरा भारत कई प्रेशर से गुजर रहा है। एक तो मेंटल और इमोशनल प्रेशर, सुशांत सिंह राजपूत के जाने के बाद में। दुख होना लाजमी भी है। क्योंकि अपने आंखों के सामने एक जवान जिंदगी को जाते हुए देखना आसान नहीं है। कोई बहुत निष्ठुर ही होगा जिसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता हो। इसके अलावा भारत-चीन के बीच जो चल रहा है, जिसमें भारत के 20 जवान जो घंटों लड़ने के बाद, तड़प-तड़प कर मरे हैं। मैं एक भारतीय हूं उससे भी ज्यादा एक इंसान हूं आपकी तरह। मुझे दोनों ही चीजें ठीक नहीं लगती। मैं इस वीलॉग से एक रिक्वेस्ट करना चाहता हूं। खासकर हमारी म्यूजिक इंडस्ट्री से। क्योंकि आज सुशांत सिंह राजपूत मरा है। एक एक्टर मरा है। कल को आप किसी सिंगर के बारे में भी ऐसा सुन सकते हैं या फिर किसी म्यूजिक कंपोजर के बारे में भी। या किसी गीतकार के बारे में सुन सकते हैं। क्योंकि हमारे देश में म्यूजिक इंडस्ट्री का जो माहौल है, फिल्मों से बड़ा माफिया म्यूजिक इंडस्ट्री में है दुर्भाग्य से। समझ सकता हूं कि बिजनेस करना जरूरी है लोगों के लिए। सभी को लगता है कि वो बिजनेस को रूल करें। मैं लकी था कि बहुत कम उम्र में आ गया था तो मैं इस चंगुल से निकल गया, लेकिन जो नए बच्चे आए हैं उनके लिए बहुत मुश्किल है। कितने नए लोगों से मैं बात करता हूं वो अपनी समस्याएं बताते हैं। निर्माता, निर्देशक, संगीतकार किसी कलाकार के साथ काम करना चाहेंगे, लेकिन म्यूजिक कंपनी कहेगी ये हमारा आर्टिस्ट नहीं है। मैं समझ सकता हूं कि आप लोग कंट्रोल करते हैं रेडियो और टीवी पर क्या बजेगा। म्यूजिक इंडस्ट्री पर केवल दो कंपनियों का कब्जा है। उनके हाथों में ये ताकत है कि इसे गाने में लो और इसे मत लो। कभी-कभी देखता हूं मैं कि नए संगीतकार, नए गीतकार, नए गायक खून के आंसू रोते हैं। अगर उन्हें कुछ हो गया कल को, तो आपके ऊपर ही प्रश्नचिह्न उठेगा। कई बार मेरे साथ ये हो चुका है कि मुझसे गाने गवाए गए, लेकिन एक अभिनेता जिस पर खुद आरोप लगे हैं वो आकर मना कर देता है कि इसके गाने मत रखो। उसने अरिजीत सिंह के साथ भी यही किया है। एक-एक गाने को नौ-नौ लोगों से गवाते हैं। म्यूजिक कंपनियों का कहना होता है कि अगर तुम मेरी कंपनी के आर्टिंस्ट हो तो मैं तुम्हें काम दूंगा वर्ना नहीं दूंगा। मुझे लगता है कि ये ठीक नहीं है। प्लीज आप लोग दयावान हो जाएं। गायक सोनू निगम इन दिनों अपने परिवार के साथ दुबई में हैं। कोरोना वायरस को लेकर गायक ने दुबई में रुकने का फैसला किया। सोनू का बेटा नेवान दुबई में पढ़ता है। सोनू अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।