अखिलेश यादव गिरफ्तार फिर रिहा, सपाइयों ने मचाया बवाल !

 17 Aug 2017  1324

ब्यूरो रिपोर्ट / in24 न्यूज़

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गुरूवार की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हिरासत में ले लिया गया। वे समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक प्रदीप यादव से मिलने जा रहे थे। गौरतलब है कि बुधवार 16 अगस्त को औरैया जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के नामांकन के दौरान हुए मुठभेड़ में पूर्व विधायक प्रदीप यादव को बुरी तरह पीटा गया था, इसी मामले के मद्देनजर अखिलेश उनसे मिलने जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह झड़प तब हुई थी, जब भाजपा और सपा के उम्मीदवार अपना नामांकन भरने पहुंचे थे। औरैया में शांति बहाल रखने के लिए अखिलेश यादव को हिरासत में लिया गया है, ऐसा जिला प्रशासन का दावा है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की आज उन्नाव में गिरफ्तारी की सूचना पर प्रदेश में जगह-जगह पर पार्टी के कार्यकर्ता हंगामा कर रहे हैं। लखनऊ के साथ ही देवरिया, औरैया व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उन्नाव में गिरफ्तारी की सूचना पर लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर उतरे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। यह सभी लोग काफी हंगामा करने लगे। सड़क पर लेटकर यह सभी सड़क हंगामा कर रहे। देवरिया जिला में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में बैठक की और फिर शहर के कचहरी चौराहे पर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री की रिहाई की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। एक घंटे तक शहर का मुख्य मार्ग जाम रहा।

सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास तो किया, लेकिन सपाई हटने को तैयार नहीं थे। अंत में पुलिस ने सभी सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें पुलिस लाइन लेकर चले गए। औरैया जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गिरफ्तार होने के बाद जिले में पूर्व राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव समेत अन्य एक्सप्रेस वे पर पहुँच गए। हंगामा करने पर पुलिस ने इन सभी को हिरासत में लिया है। बहरहाल उत्तरप्रदेश की सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की कायदा व सुव्यवस्था पर कितने हद तक ध्यान दिया था आज इसका अंदाजा उन्हें बखूबी हुआ होगा।