केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी जाएंगे जेल- संजय राउत

 09 Mar 2022  401
संवाददाता/ in24 न्यूज़
 
 
शिवसेना के सांसद संजय राउत ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्रीय जांच एजेंसियां भाजपा के लिए ‘‘एटीएम’’ की तरह काम कर रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि मुंबई पुलिस, केंद्रीय एजेंसी के चार अधिकारियों के खिलाफ जबरन वसूली के आरोपों की जांच कर रही है और उनमें से कुछ जेल जाएंगे।
 
राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, ‘‘ईडी और उसके कुछ अधिकारी भाजपा के लिए एटीएम (ऑटोमेटेड टेलर मशीन) बन गए हैं। और जब भी किसी कंपनी पर प्रवर्तन निदेशालय का छापा पड़ा है, उसने जितेंद्र नवलानी से संबंधित कंपनियों को धन हस्तांतरित किया है। यही नहीं शिवसेना नेता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ कुछ विवरण साझा किए हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि, ‘‘मुंबई पुलिस ईडी के चार अधिकारियों के खिलाफ जबरन वसूली और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस इसमें सक्षम है। मेरी बात को नोट कर लें ... ईडी के कुछ अधिकारी जेल जाएंगे।’’
 
हालांकि राउत ने ईडी के इन अधिकारियों के नाम या पदनाम का खुलासा नहीं किया। उनकी यह टिप्पणी उसके बाद आई जब महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाने वाले एक नेता समेत शिवसेना के कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ आयकर विभाग ने छापेमारी की।