बड़े बदलाव के लिए कांग्रेस का मंथन शुरू

 26 Mar 2022  413

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस अपने संगठन में बड़े बदलाव कर रही है। विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस में मंथन के दाैर के बीच बड़े बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। इस बदलाव की अहम कड़ी होंगे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में नए PCC चीफ। सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों के बाद फैसला किया है कि पार्टी के कमबैक के लिए राज्यों में महासचिवों और सचिवों की छुट्‌टी करके नई नियुक्तियां की जाएं। इसमें सबसे जरूरी होगा गुटबाजी दूर करना क्योंकि हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब और उत्तराखंड में जिस तरह से कांग्रेस की हार हुई है, उसकी सबसे बड़ी वजह संगठन के भीतर आपसी टकराव को ही माना जा रहा है। चुनावी राज्यों में ये वाकया दोबारा न हो, इसके लिए पार्टी के नेताओं को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस की ओर से कुछ राज्यों के महासचिव और सचिवों को भी बदलने की तैयारी है। इसके लिए पार्टी में होमवर्क किया जा रहा है। जमीन पर कांग्रेस को मजबूती देने की रणनीति तैयार की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक 10 से 15 फीसदी तक नए महासचिव बनाए जाएंगे, जबकि 20 से 25 फीसदी नए सचिव बनाए जाएंगे। पुराने पदाधिकारियों को हटाया जाना तय माना जा रहा है। इसके लिए उनके कामकाज का मूल्यांकन किया जा रहा है। पांच राज्यों की हार से पार्टी के गहराए संकट के मद्देनजर सक्रिय हुईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अब संगठन चुनाव और पार्टी की सदस्यता अभियान की समीक्षा करने का फैसला किया है। इसके लिए 26 मार्च को कांग्रेस महासचिवों और सभी राज्यों के प्रभारियों की विशेष बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस का सदस्यता अभियान अपने आखिरी चरण में है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अप्रैल-मई से पार्टी के संगठनात्मक चुनाव शुरू हो जाएंगे। अब देखना होगा कि कमज़ोर पड़ती जा रही कांग्रेस के लिए यह योजना कितनी कारगर होती है!