बांद्रा पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र के दो मंत्रियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

 28 Mar 2022  537
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/मुंबई
 
      कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख और वर्षा गायकवाड के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. दरअसल कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत के लिए मुंबई उपनगर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें मंत्रियों पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक जगह पर तलवार लहराया जिसको लेकर अब महाराष्ट्र की राजनीति गरमा उठी है. इस मामले को लेकर अब राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है., जिसमें नेता एक दूसरे पर लगातार आरोप लगा रहे हैं.
             
              भारतीय जनता पार्टी के नेता मोहित कंबोज ने मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में शहर के पालक मंत्री असलम शेख और महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद बांद्रा पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया. बता दें कि मुंबई में कुछ दिन पहले एक सार्वजनिक सत्कार सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया था, कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के पालक मंत्री असलम शेर और शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ दोनों मंच पर उपस्थित थे. इसी दौरान उन्होंने अपने हाथों में तलवार लेकर हवा में लहराई, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. उन्हीं तस्वीरों को आधार बनाकर भारतीय जनता पार्टी के नेता मोहित कंबोज ने महाराष्ट्र के दोनों मंत्रियों के खिलाफ अपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, जिसके बाद यह प्राथमिकी दर्ज की गई फिलहाल बांद्रा पुलिस इस पूरे घटना की जांच कर रही है