भाजपा के बागी खोल रहे हैं पार्टी की पोल 

 21 Dec 2017  1207

 

सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ 

मोदी सरकार की नीतियों से नाखुश चल रहे महाराष्ट्र से भाजपा सांसद नाना पटोले ने एक बार फिर अपनी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नाना पटोले के साथ महाराष्ट्र के पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ खड़से भी विधानसभा के बाहर भाजपा की नीतियों की कमियां गिना रहे हैं। इन दिनों भाजपा में बागी नेताओं की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। भाजपा विधायकआशीष देशममुख भी अपनी पार्टी के खिलाफ बगावत करने से नहीं चूक रहे। 

उन्होंने अलग विदर्भ के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को घेर लिया है। बीजेपी के नाखुश विधायक और मंत्री अपनी ही सरकारी की नाकामियों को जनता के सामने ला रहे हैं। मुख्यमंत्री और उनके खास बीजेपी नेता भले ही पार्टी नेताओं में बढ़ रही नाराजगी को भाव नहीं दे रहे हैं, लेकिन यह मामला अब गंभीर होता जा रहा है। इसका ताजा असर बुधवार को देखने को मिला।

नागपुर में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के मौके पर नागपुर में ही स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय में बीजेपी विधायकों के लिए 'वर्ग' यानी एक कार्यशाला का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री समेत सभी बीजेपी विधायकों को इसमें अनिवार्य रूप से शामिल होने को कहा गया था। आरएसएस के नागपुर स्थित रेशमीबाग मुख्यालय के स्मृति मंदिर में आयोजित विधायकों की क्लास में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील, जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन समेत बीजेपी के सभी विधायक हाजिर थे। मगर एकनाथ खडसे, आशीष देशमुख और गृह राज्य मंत्री रणजीत पाटील का कोई पता नहीं था.