उठ रही है मुंबई में हुक्का पार्लर बंद करने की मांग 

 07 Jan 2018  1165

 

सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ 

कमला मिल्स हादसे के बाद अब यह मांग उठने लगी है, कि हर हाल में मुंबई ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के हुक्का पार्लरों को बंद कर देना चाहिए। इस मांग को पूरा करने के लिए फडणवीस सरकार पर सभी राजनीतिक दल लगातार दबाव बना रहे हैं। आपको बता दें, कि इनमे खुद भाजपा के विधायक सामने आए हैं।

मुंबई फायर ब्रिगेड ने कमला मिल्स अग्निकांड की प्राथमिक रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी है। रिपोर्ट में आग लगने का कारण हुक्का पार्लर की चिंगारी बताई गई है।  हुक्का पार्लर चलाने के संदर्भ में मुंबई पुलिस और बीएमसी का दावा है कि वे किसी भी तरह की अनुमति नहीं देते हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है कि शहर में हुक्का पार्लर कैसे चल रहे है।

नागपुर के शीतकालीन सत्र में भाजपा के वरिष्ठ विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने हुक्का बार पर संपूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गैरकानूनी रूप से हुक्का पार्लर या बार चलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए संशोधन प्रस्ताव पेश किया था। गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब आदि राज्यों की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी हुक्का पार्लर पर संपूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है। इधर, राकांपा भी विरोध करने के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।