महाराष्ट्र ने दी पूर्वोत्तर राज्यों को कानूनी चेतावनी 

 24 Jan 2018  1218
 
 
सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ 
 

महाराष्ट्र सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल, मिजोरम और सिक्किम की सरकार को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। यह चेतावनी इन तीनों राज्यों पर महाराष्ट्र के बकाया 931 करोड़ रुपये की लॉटरी के संबंध में दी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने तीनों राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिख कर यह चेतावनी दी है। सरकार ने पत्र में मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश का भी हवाला दिया है।

महाराष्ट्र में बड़ी तादाद में मिजोरम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में लॉटरी बिकती है। इसके एवज में  महाराष्ट्र सरकार को इन राज्यों से लॉटरी कर मिलता है, लेकिन करोड़ों की कमाई करने के बाद भी ये तीनों राज्य महाराष्ट्र को कर का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इन पर बकाया बढ़ते-बढ़ते 931 करोड़ रुपये तक की राशि पहुंच गई है। 

महाराष्ट्र की इन दिनों माली हालत ठीक नहीं है, इसलिए सरकार हर तरह का बकाया वसूलने पर ध्यान दे रही है। बकाया वसूली के लिए महाराष्ट्र सरकार ने पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। 

वित्त विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वोत्तर की तीनों राज्य सरकारें अब तक यह कह कर टैक्स का भुगतान करने से बचती आ रही हैं कि उन्होंने लॉटरी चलाने की जिम्मेदारी निजी कंपनियों को दे रखी है, इसलिए लॉटरी के बकाया कर का भुगतान उन निजी कंपनियां से ही वसूल किया जाए। वहीं, राज्य के वित्त विभाग के अधिकारी कहते हैं कि महाराष्ट्र लॉटरी ऐक्ट के अनुसार टैक्स भुगतान करने की जिम्मेदारी संबंधित राज्यों की है।