कासगंज हिंसा के खिलाफ वीएचपी की आगरा में तिरंगा रैली 

 31 Jan 2018  1244

 

 

सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ 

उत्तर प्रदेश के कासगंज में चन्दन गुप्ता की हत्या के बाद विश्व हिन्दू परिषद ने आगरा में तिरंगा मार्च निकाला। यह यात्रा कासगंज में मारे गए चंदन गुप्ता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर निकाली गई। यात्रा को निकाले जाने के बारे में पुलिस से मंजूरी लिए जाने को लेकर पूछे जाने पर ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री मनोज ने कहा, 'तिरंगा यात्रा के लिए प्रशासन की अनुमित की क्या जरुरत है क्योंकि प्रशासन तो हमारा है।'

आगरा के शहीद स्मारक से होती हुई यह यात्रा कलेक्टरेट तक गई  और इस यात्रा के मद्देनज़र सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। आपको बता दें कि यह यात्रा आगरा के नामेर चौराहे से शुरू की गई  जहां पर भारत माता की प्रतिमा मौजूद है साथ ही आगरा के अलावा फिरोजाबाद में भी तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी है। इस बीच कासगंज हिंसा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा है। 

हालांकि अभी तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि कासगंज हिंसा के बाद वीएचपी और बजरंग दल ने इसे सियासी रंग देने की कोशिश की। बहरहाल सियासी सरगर्मियां तेज होने के बावजूद जनता अब तक सच्चाई से महरूम है क्योंकि ना तो कानून प्रशासन  इस पर कोई ठोस कार्रवाई कर रही है और ना ही सियासी गलियारों में शोर उठना बंद हो रहा है। हो रहा है तो सिर्फ तमाशा।