कांग्रेसियों की गुहार अध्यक्ष बन जाओ राहुल बाबा

 03 Sep 2022  284

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस को एक अध्यक्ष की नितांत ज़रूरत है, इसलिए कांग्रेसी पूरे मन से राहुल गांधी को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए उन्हें मनाने का काम कर रहे हैं. बता दें कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करवाने के लिए तैयार है। हालांकि, इससे ठीक पहले उसे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गुलाम नबी आजाद सरीखे वरिष्ठ नेता ने चुनाव से ठीक पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वहीं, शशि थरूर, मनीष तिवारी और कार्ति चिदंबरम ने मतदाता सूची जारी करने की मांग कर अपने तेवर दिखा दिए हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व किसके हाथ में जाएगा, इसको लेकर भी पार्टी अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। अब सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो सकते हैं। राहुल गांधी विदेश यात्रा से लौट आए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि कांग्रेस नेताओं के द्वारा उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ने और संगठन की बागडोर स्वीकार करने के लिए मनाने की एक नई कोशिश की जा सकती है और इसके लिए वरिष्ठ नेता उन्हें मनाने में जुट गए हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मई 2019 में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था। यह भी कहा जाता है कि उन्होंने ही पार्टी से कहा कि गांधी परिवार से कोई भी नेतृत्व नहीं संभालेगा। बहरहाल, यदि राहुल गांधी अध्यक्ष का चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस की पूरी सोच सामने आ जाएगी।