उद्धव ठाकरे का साथ छोड़, सांसद गजानन कीर्तिकर ने थामा एकनाथ शिंदे का हाथ।

 12 Nov 2022  313

संवाददाता/in24 न्यूज़।

मुंबई उत्तर - पश्चिम लोकसभा क्षेत्र से सांसद और शिवसेना नेता गजानन कीर्तिकर भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए हैं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट को बालासाहेबांची शिवसेना के नाम से जाना जाता है। कीर्तिकर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत करने वाले शिवसेना के 13वें सांसद हैं। गजानन कीर्तिकर के बगावत को शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अब तक कुल 18 में से 13 सांसदों ने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ दिया है। इस बीच उद्धव ठाकरे ने गजानन कीर्तिकर को पार्टी से निकाल दिया है। वहीं अब एकनाथ शिंदे को विद्रोह करने वाले पार्टी के 56 विधायकों में से 40 के समर्थन प्राप्त है। एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को सत्‍ता से बेदखल करते हुए भाजपा के समर्थन से महाराष्ट्र में सरकार बनाई है। उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेता संजय राउत ने कहा- कि कम से कम कुछ बागी विधायक पार्टी में लौट आएंगे। वैसे गजानन का यूं उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ना चौंकाने वाला नहीं है। उन्होंने पहले ही कहा था कि उद्धव ठाकरे यह समझ नहीं पाए कि आखिर एकनाथ शिंदे ने ऐसा क्यों किया? वे इशारों और संकेतों में यह बता रहे थे कि वे भी एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो सकते हैं। महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ शिंदे गुट में शामिल होना उद्धव के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना आगामी नगर निगम चुनावों में कुछ सीटों पर अलग-अलग और अन्य सीटों पर साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अगस्त महीने में कहा था कि ‘‘वास्तविक’’ शिवसेना और भाजपा महाराष्ट्र नगर निगम के चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया था कि उनके नेतृत्व वाली शिवसेना ही वास्तविक शिवसेना है। . वहीं मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट कर बताया कि मुंबई नॉर्थ वेस्ट लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद गजानन कीर्तिकर ने आधिकारिक रूप से पार्टी में प्रवेश किया है. उनका स्वागत किया गया और ढेर सारी शुभकामनाएं दी.