पूर्व मंत्री और एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड की बढ़ी मुश्किलें

 14 Nov 2022  419

संवाददाता/ in24 न्यूज़।  

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके जितेंद्र आव्हाड की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. दो दिन पहले उन्हें वर्तकनगर पुलिस ने मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया था जिसके बाद जमानत पर वो रिहा होकर आए थे और अब एक महिला ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर आव्हाड के ख़िलाफ़ ठाणे के मुंब्रा पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 354 के तहत मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ठाणे में बने नए फ्लाईओवर ब्रिज का उद्घाटन करने आये थे और जब कार्यक्रम पूरा हो गया और एकनाथ शिंदे वापस अपनी गाड़ी में बैठकर जा रहे थे तभी महिला के कंधे पर हाथ रखकर दबाया और कहा की “यहाँ बीच में क्यों खड़ी है साइड में हट जा” और ऐसा कर उन्होंने शिकायतकर्ता को वहां से हटाया और लोगों को पता भी ना चले ऐसा किया। महिला ने आरोप लगाया कि आव्हाड की नियत ठीक नहीं थी।  वहीं घटना सामने आने के बाद एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि, पुलिस ने 72 घंटे के अंदर मेरे खिलाफ दो झूठे मामले दर्ज किए। मैं पुलिस की बर्बरता के खिलाफ लडूंगा। उन्होंने आगे कहा कि वह विधायकी से इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं। हम लोकतंत्र की हत्या नहीं देख सकते हैं। इससे पहले ठाणे में वर्तक नगर पुलिस ने राकांपा विधायक जितेंद्र आव्हाड को मराठी फिल्म 'हर हर महादेव' का विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन पर एक स्थानीय थिएटर में फिल्म देखने आए एक शख्स के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। हालांकि, इस मामले में बाद में उन्हें जमानत दे दी गई थी।