राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अब प्रियंका भी शामिल

 24 Nov 2022  557

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के बोरगांव से शुरू हुई, जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी पहली बार शामिल हुईं। राज्य में यात्रा के दूसरे दिन सख्त सुरक्षा प्रबंधों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राहुल गांधी ने सुबह बोरगांव से पदयात्रा शुरू की। उनके साथ कल ही यात्रा में शामिल होने पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राहुल का साथ दिया। प्रियंका शुक्रवार और शनिवार को भी यात्रा के साथ रहेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह, वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी और दर्जनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी भी यात्रा के साथ चल रहे हैं। राहुल गांधी की पदयात्रा दिन में दुल्हार फाटा पहुंचेगी। पूर्वान्ह का विश्राम कार्यक्रम यहीं पर है। इसके बाद आज ही यात्रा दिन में जनजातीय जनजानय टंट्या भील की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर में पहुंचेगी। वहां पर आदिवासी सभा भी होगी। गांधी इसके बाद पंधाना में गुरूद्वारा साहिब पहुंचेंगे। साढ़े तीन बजे वहां से पदयात्रा फिर प्रारंभ होगी और देर शाम छैगांव माखन में पदयात्रा को आज का विराम दिया जाएगा। यात्रा का रात्रि विश्राम रोशिया खेरदा नाम के स्थान पर होगा। यहां से यात्रा शुक्रवार को फिर से प्रारंभ होगी। इसके पहले गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र की सीमा से बुधवार को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। यात्रा बोदरली से सुबह प्रारंभ हुई थी और विभिन्न पड़ाव के बाद शाम को खंडवा जिले के बोरगांव पहुंची थी। यात्रा खंडवा के साथ ही खरगोन, इंदौर, उज्जैन, आगरमालवा जिले से होते हुए चार दिसंबर को राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर जाएगी। इस दौरान श्री गांधी 26 नवंबर को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू (इंदौर) में पहुंचेंगे और सभा करेंगे। वे उज्जैन में भी जनसभा करेंगे। बता दें कि राहुल गांधी लगातार अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए इस यात्रा से देश के लोगों के जुड़ने की बात कर रहे हैं।