सीमा विवाद को लेकर फिर गरमाई महाराष्ट्र और कर्नाटक की सियासत

 06 Dec 2022  576

संवाददाता/in24 न्यूज़।  

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद को लेकर लगातार तकरार बढ़ती जा रही है. महाराष्ट्र के नेताओं की बेलगाम यात्रा का कर्नाटक में कई कन्नड़ समर्थक संगठनों ने विरोध किया है और महाराष्ट्र  की बसों में तोड़फोड़ की है। इस पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री  देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से फोन पर बातचीत की. साथ ही  बेलगाम के पास हिरेबगवाड़ी में हुई इस घटना पर कड़े शब्दों में नाराजगी जाहिर की। वहीं  कर्नाटक के बेलगाम में महाराष्ट्र से गई बसों पर हमले को लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने काफी धैर्य और समझदारी से काम लिया है. लेकिन अगर अगले 24 घंटे में यह हमले नहीं रुके और लोगों ने दूसरा तरीका अपनाया तो इसके लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री जिम्मेदार होंगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वह शीतकालीन सत्र के दौरान महाराष्ट्र के सांसदों से इस मुद्दे पर गृह मंत्री से बात करने का अनुरोध भी करेंगे। उधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि इन घटनाओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आश्वासन दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र  से आने वाले वाहनों की सुरक्षा की जाएगी। वहीं इस विरोध प्रदर्शन को लेकर जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्थिति गंभीर हो गई है अगर महाराष्ट्र के नेताओं को अंदर जाने दिया गया. तो जिले में कानून व्यवस्था और बिगड़ जाएगी जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। इसके लिए महाराष्ट्र के नेताओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. वही इसके पहले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र का कोई भी गांव कर्नाटक में नहीं जाएगा। हमारी सरकार कर्नाटक के बेलगाम, निप्पणी और कारावार जैसे मराठी भाषी गावों पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से लड़ाई लड़ी जाएगी। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने इसे भड़काऊ बयान बताया और कहा कि फडणवीस का यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। हमारी सरकार राज्य की जमीन, जल और सीमा की सुरक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है.