भ्रष्टाचार मामले में 13 महीने बाद मिली अनिल देशमुख को जमानत

 12 Dec 2022  568

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भ्रष्टाचार के एक मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख Anil Deshmukh) को बड़ी राहत मिल गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay high court) ने उन्हें जमानत दे दी है। देशमुख कथित भ्रष्टाचार के मामलों में लगभग 13 महीने से जेल में हैं। देशमुख के खिलाफ यह मामला भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग से संबंधित है, जिसकी जांच सीबीआई कर रही है। न्यायमूर्ति एम. एस. कार्णिक की एकल पीठ ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद पिछले सप्ताह अपना फैसला सुरक्षित रखा था। सीबीआई की विशेष अदालत के पिछले महीने देशमुख (74) की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया। उन्होंने चिकित्सकीय और याचिका के गुण-दोष के आधार पर जमानत का अनुरोध किया है। सीबीआई ने इस साल अप्रैल में उन्हें भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। देशमुख अभी न्यायिक हिरासत में हैं और मुंबई स्थित आर्थर रोड जेल में बंद हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने पिछले सप्ताह कहा था कि देशमुख की सेहत को देखते हुए प्रथम दृष्टया उसकी राय है कि भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग मामले में दाखिल उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। बता दें कि देशमुख पर अनेक आरोप हैं, जिनमें सौ करोड़ की वसूली जैसे मामले शामिल हैं।