भारत जोड़ो यात्रा के टेंट में आग लगाने की कोशिश, चार लोग गिरफ्तार

 13 Dec 2022  559

संवाददाता/ in24 न्यूज़।  
राजस्थान से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के लिए बने एक टेंट में आग लगाने की कोशिश की गई। सवाईमाधोपुर के बामनवास में सोमवार देर रात कुछ अज्ञात लोग टेंट में आग लगाने की तैयारी कर रहे थे, कि इस बात की भनक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लग गई। जिसके बाद उन्होंने ने इसी बात की  सूचना पुलिस को दी। मिली जानकारी के अनुसार सवाईमाधोपुर के बामनवास में सोमवार देर रात 10 से 15 लोग टेंट में गोवंश छोड़कर आग लगाने की तैयारी कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता ने गोवंश को देखा तो उसे खदेड़ने की कोशिश की। तभी उसने आरोपियों को आग लगाने की साजिश करते हुए सुन लिया। कार्यकर्ता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर कांग्रेस नेता ज्ञानचंद मीना ने मलारना डूंगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। और उन्होंने बताया कि सोमवार रात 12 बजे भारत जोड़ो यात्रा के लिए टोंड गांव में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान कैंप के लिए लगे हुए टेंट में एक कार और चार-पांच बाइक पर 10 से 15 लोग आए। उन्होंने ध्यान भटकाने के लिए पहले गोवंश छोड़ दिया। जब कार्यकर्ता गोवंश भगाने गए तो एक कार्यकर्ता ने बदमाशों की बातें सुन ली। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोटा में एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया था। उसके बाद से ही सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब टेंट में आग लगाने की कोशिश को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई की मांग की है। तो दूसरी ओर पुलिस महकमा भी भारत जोड़ो यात्रा में और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने में जुट गया है।