मुंबई के बीकेसी में मोदी-मोदी की गूंज

 19 Jan 2023  895

संजय मिश्रा/in 24 न्यूज़/मुंबई 

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में आज मुंबई का बीकेसी ग्राउंड पूरी तरह से तैयार रहा. तकरीबन 38 हजार 800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके साथ ही उन्होंने मुंबई मेट्रो की दो लाइनों का भी उद्घाटन किया. इस मौके पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत केंद्रीय मंत्री सांसद और महाराष्ट्र के नेता मौजूद रहे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने संबोधन में कहा कि, महाराष्ट्र की जनता सौभाग्यशाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोई कोर कसर नहीं बाकी रखा. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि कुछ लोग चाहते थे कि पीएम मोदी को ऐसा करने का मौका ना मिले, लेकिन उसके विपरीत प्रधानमंत्री के हाथों आज लगभग 40 हजार करोड़ रुपए का उद्घाटन और शिलान्यास संभव हुआ, इसे मुख्यमंत्री ने ईश्वरीय कृपा बताई. इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व की महा विकास आघाडी सरकार पर जमकर निशाना साधा और उन्होंने दावे के साथ कहा कि एमबीए सरकार ने महाराष्ट्र में विकास कार्य रुकवा दिया था. 

         मुंबई के बांद्रा कुर्ला कंपलेक्स मैदान में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, साल 2019 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि डबल इंजन सरकार ने महाराष्ट्र को बदल दिया और कहा कि सरकार को सत्ता में वापस लाया जाए, जिसके बाद पीएम मोदी पर भरोसा करके महाराष्ट्र की जनता ने सरकार को वापस लाने का काम किया. लेकिन कुछ लोग गुंडा गिरी में लिप्त थे. देवेंद्र फडणवीस ने अपने संबोधन में हिंदू ह्रदय सम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे को याद किया और कहा कि बालासाहेब ठाकरे के सच्चे अनुयायी एकनाथ शिंदे ने जो साहस दिखाया उसी का यह नतीजा रहा कि जनता के पसंद की सरकार एक बार फिर महाराष्ट्र की सत्ता पर काबिज हो गई और राज्य एक बार फिर विकास के रास्ते पर तेजी से चल पड़ा. 

    आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में मेट्रो रेल लाइन 2A और 7 को राष्ट्र को समर्पित किया. इसके बाद उन्होंने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 38 हजार 800 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिसमें मुंबई में सात सीवेज शोधन संयंत्रों, सड़क कंक्रीटीकरण परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास की आधारशिला रखा जाना शामिल है. मुंबई के दहिसर पूर्व और अंधेरी के डीएन नगर को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2A तकरीबन 18.6 किलोमीटर लंबी है, जबकि अंधेरी पूर्व से दहिसर पूर्व को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 7 लगभग 16.5 किलोमीटर लंबी है. गौर करने वाली बात यह है कि इन लाइनों की आधारशिला भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2015 में रखी थी. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा,"आज जो मुंबई के विकास से जुड़े कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास जो हुआ है, उसके लिए मैं मुंबई के निवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं."