जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दी ठाणेकरों को सौगात

 09 Feb 2023  490
साक्षी शर्मा/in24न्यूज़/ठाणे
 
       आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन्मदिन के अवसर पर शिंदे के हाथों ठाणे-मुंबई शहर को जोड़ने वाले कोपरी पुल का उद्घाटन किया गया। कोपरी पुल का निर्माण मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के द्वारा किया गया है। कोपरी पुल को खोलने का अहम उद्देश्य ठाणे में यातायात की भीड़ की समस्या को कुछ हद तक कम करने की है। ठाणे, घोडबंदर, भिवंडी, नासिक, कल्याण-डोंबिवली से बड़ी संख्या में यात्री इस कोपरी पुल से मुंबई की ओर जाते हैं। हालांकि अपर्याप्त पुल के कारण इस पुल के पास और टोल नाके के पास भारी ट्रैफिक जाम लग जाता था, हालांकि पुल खुलने से अब यात्रियों को राहत मिलेगी। कोपरी रेलवे क्रॉसिंग पुल के काम का पूरा खर्च एमएमआरडीए ने उठाया है। पुल की रेल पटरियों का कार्य मध्य रेलवे द्वारा किया गया है और इस खंड के निर्माण के लिए प्राधिकरण द्वारा रेलवे को राशि उपलब्ध कराया गया है। पुल की लंबाई 784 मीटर और चौड़ाई 37.04 मीटर है।
 
          ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यह 5+5 लेन का है जबकि ठाणे शहर में कोपरी रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज 2+2 लेन का था, इस संकरे रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज की वजह से सुबह और शाम की अवधि में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। यातायात जाम की समस्या को हल करने के उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा कोपरी रेलवे क्रॉसिंग पुल का चौड़ीकरण और निर्माण किया गया है। 2 +2 लेन पुल को 4 + 4 में अपग्रेड करने से मुंबई-ठाणे जिला सीमा पर यातायात की भीड़ कम हो जाएगी और पूर्वी एक्सप्रेस राजमार्ग पर छोटे और भारी वाहनों को लाभ होगा। सीएम शिंदे ने कहा,''कोपरी पुल मुंबई और ठाणे दोनों जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण लिंक है। चूंकि पुराना पुल संकरा है, इसलिए वाहन चालकों को व्यस्त घंटों (व्यस्त समय) में कुछ मीटर की यात्रा करने में 30 से 40 मिनट लगते हैं। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के दोनों ओर से आने वाले वाहनों की भारी भीड़ थी। नया चौड़ा पुल अब यात्रियों के लिए समय बचाएगा।