आगरा के लाल किले में मनाया जायेगा छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मोत्सव

 15 Feb 2023  502

संवाददाता/ in24 न्यूज़। 

छत्रपति शिवाजी महाराज के 393 वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र के आलावा अब उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित लाल किला में महाराष्ट्र सरकार एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। बता दें कि यह कार्यक्रम आगामी 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मोत्सव पर होगा। जिसके लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि आपको सूचित करते हुए मुझे हर्ष है कि महाराष्ट्र सरकार आगरा स्थित लाल किला पर एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यक्रम सामाजिक क्षेत्र में काम कर रही संस्था अजिंक्या देवगिरी प्रतिष्ठान के साझा प्रयास से आयोजित किया जा रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की 393 वीं जयंती पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में  महाराष्ट्र के कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल होंगे।साथ ही उन्होंने लिखा कि यदि आप इसमें शामिल होंगे तो यह हमारे लिए सम्मान की बात होगी। उन्होंने लिखा कि इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द ही महाराष्ट्र सरकार की तरफ से उत्तर प्रदेश सरकार को दी जाएगी । बता दें  कि इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति के लिए महाराष्ट्र फाउंडेशन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी।