सोनिया नहीं लेंगी संन्यास : लांबा

 26 Feb 2023  303

संवाददाता/in24 न्यूज़.
रायपुर में चल रहे कांग्रेस के अधिवेशन से खबर आई कि सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) राजनीति से सन्यास ले सकती हैं, पर अब इस बात को पार्टी ने खारिज कर दिया है।बता दें  कि कांग्रेस नेता अलका लांबा (Alka Lamba) ने सोनिया गांधी की मौजूदगी में इसका खंडन किया। अलका लांबा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने सम्बोधन में सोनिया गांधी के संन्यास लेने का खंडन करते हुए कहा कि मीडिया में इस आशय की आई खबरों के बाद उन्होंने श्रीमती गांधी से मुलाकात की, जिस पर उन्होंने साफ कहा कि वह राजनीति से कतई पीछे नही हट रही हैं, वह पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करती रहेंगी। अलका लांबा के इस कथन के समय सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। वह इस दौरान मुस्करा रहीं थी। दरअसल सोनिया गांधी ने शनिवार को पूर्ण सत्र में अपने सम्बोधन में कहा था कि मुझे 1998 में पहली बार पार्टी अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने का सम्मान मिला था। इन 25 वर्षों में, हमारी पार्टी ने उच्च उपलब्धि के साथ-साथ गहरी निराशा का समय भी देखा है। 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी का समापन हो सका। मीडिया के एक हलके में इस कथन को उनके राजनीति से संन्यास के संकेत के रूप में मानते हुए खबरें आई थी। इससे आम कांग्रेसजनों में निराशा फैल गई थी। बहरहाल अब कांग्रेसी राहत की सा नस ले सकते हैं।