'अगर मुझे गोली ना मारें तो बहस के लिए तैयार हूं' - कंगना रनौत

 26 Feb 2023  399

संवाददाता/ in24 न्यूज़ 

          बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती है। देश में चाहे कुछ भी हो रहा हो, एक्ट्रेस निडर होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी हर बात रखती हैं। उनकी यही अदा उन्हें बाकी एक्ट्रेसों से सबसे अलग बनाती है। हाल ही में पंजाब में अजनाला पुलिस स्टेशन पर 'वारिस पंजाब दे' के अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने हमला किया। अमृतपाल सिंह ने अपने समर्थक सवप्रीत सिंह तूफान के खिलाफ केस दर्ज होने का विरोध किया था। पंजाब हमले के बाद कंगना रनौत ने अब पंजाब में 'वारिस पंजाब दे' संगठन का प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के चुनौती को स्वीकार किया है। कंगना ने तंज भी कसा है और कहा- अगर खालिस्तानी मुझे गोली ना मारें तो मैं इस मसले पर डिबेट करने के लिए तैयार हूं। एक्ट्रेस ने कहा- अमृतपाल ने कहा है कि वह खालिस्तान की डिमांड को समझा सकते हैं अगर कोई उनके साथ बौद्धिक चर्चा के लिए तैयार है। मैं उन्हें गलत साबित करने के लिए और चर्चा के लिए तैयार हूं। लेकिन मुझ पर हमला या मुझे गोली नहीं मारी जानी चाहिए। 
          कंगना ने महाभारत का उदाहरण देते हुए आगे ट्वीट कर कहा, महाभारत में पांडवों ने राजसूय यज्ञ किया था। अर्जुन स्वयं सभी राजाओं से टैक्स लेने के लिए चीन तक गए थे। तब सभी राजाओं ने युधिष्ठिर को विराट भारत का सम्राट घोषित किया था। उस समय जो विश्व युद्ध हुआ उसे महाभारत कहा गया। अमृतपाल मुझसे चर्चा कर लें। 
          इससे पहले कंगना ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट के जरिये एक्ट्रेस ने गैर-खलिस्तानी सिखों को बड़ी सलाह दी थी। कंगना ने लिखा- 'पंजाब में जो कुछ हो रहा है, मैंने दो साल पहले भविष्यवाणी कर दी थी। मुझ पर कई केस दर्ज किए गए थे। मेरे खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। मेरी कार पर पंजाब में हमला किया गया था, लेकिन वही हुआ जो मैंने कहा था। लेकिन अब समय आ गया है जब गैर-खलिस्तानी सिख अपनी पोजिशन और इरादों को क्लीयर करें।' आपको बता दे, कुछ दिन पहले एक टीवी चैनल पर इंटरव्यू देने के दौरान अमृतपाल ने कहा था कि हिंदू राष्ट्र पर डिबेट हो सकती है तो खालिस्तान पर क्यों नहीं'।