भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस नई यात्रा की करेगी शुरुआत

 27 Feb 2023  403

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस (Congress) ने नई यात्रा की योजना बनाई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 85वें अधिवेशन के तीसरे और आखिरी दिन कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस (BJP and RSS) की विभाजनकारी ताकतों को परास्त करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की रफ्तार को आगे बढ़ाने और मोदी के मित्रवादी पूंजीवाद के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाने का संकल्प लिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि पूर्व से पश्चिम यात्रा, संभवत: अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबंदर तक निकालने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन इसका स्वरूप भारत जोड़ो यात्रा से थोड़ा अलग हो सकता है। पार्टी ने रायपुर की हुंकार के नाम से जारी संकल्प में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने भारत की एक समावेशी और प्रगतिशील दृष्टि को आगे बढ़ाया है, जहां संवैधानिक मूल्य सर्वोच्च हैं। विविधता में एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर इसने भाजपा की विचारधारा का एक स्पष्ट विकल्प प्रस्तुत किया है। कुछ ही महीनों में हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के महत्त्वपूर्ण और जमीन से जुड़े संगठन, सेवा दल की शताब्दी मनाने जा रहे हैं। यह हमारे जन संपर्क कार्यक्रमों में नई ऊर्जा फूंकने का अवसर होगा। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने कभी भी भाजपा/आरएसएस और उनकी नफरत भरी राजनीति से समझौता नहीं किया है। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी ने खा था कि अब देश में हाथ सर हाथ जोड़ने का अभियान भी शुरू किया जाएगा।