राहुल गांधी ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं का किया अपमान : स्मृति ईरानी

 16 Mar 2023  480

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने जब से लंदन में भारत की आलोचना की है तब से भारत में सियासी घमासान शुरू है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि ब्रिटेन में भारत की राजनीति पर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान किया है। ईरानी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह बहुत शर्मनाक है कि राहुल गांधी संसद में आने और भारत के खिलाफ अपने अलोकतांत्रिक टिप्पणियों पर माफी मांगने के बजाय आज संसद में आने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल ने अपनी टिप्पणी द्वारा देश की संसद, संविधान और नागरिकों का अपमान किया है। स्मृति ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में नहीं है लेकिन कांग्रेस पार्टी देश का राजनीतिक विनाश कर रही है, जैसा कि उसने विदेशों में अपने देश के खिलाफ किया है। आज, देश का प्रत्येक नागरिक भारतीय संसद में उनसे माफी की मांग करता है, जो न केवल सांसदों का समूह है, बल्कि भारतीय लोगों की सामूहिक आवाज भी है। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ब्रिटेन में एक संबोधन में यह आरोप लगाया था कि भारतीय लोकतंत्र की संरचना पर क्रूर हमले हो रहे हैं और भाजपा और आरएसएस ने लगभग सभी संस्थानों को अपने कब्जे में ले लिया है। बता दें कि राहुल गांधी को लेकर संसद में खूब हंगामा हो रहा है।