मोहन यादव होंगे मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री

 11 Dec 2023  544

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मध्य प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल ही गया। भाजपा विधायक दल की बैठक में मोहन यादव को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाने पर मुहर लगाई गई है, जबकि नरेंद्र तोमर को विधानसभा अध्यक्ष चुना गया है। नए  मुख्यमंत्री  मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। उन्होंने पहली बार 2013 में चुनाव लड़ा था और जीतकर आए थे। मोहन यादव को संघ का करीबी माना जाता है। बैठक अभी जारी और मंत्रियों के चेहरे पर मंथन हो रहा है। इससे पहले बेहद गहमागहमी भरे माहौल में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की विधायक दल का नेता चुनने के लिए राजधानी भोपाल में अहम बैठक शुरू हुई। पार्टी के संसदीय बोर्ड की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हो रही इस बैठक में मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुना गया और अब वही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। बैठक में तीनों पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष के लक्ष्मण और पार्टी सचिव सुश्री आशा लाकड़ा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी बैठक में शामिल हैं। इस दौरान सभी 163 नवनिर्वाचित विधायक अपना नेता चुनेंगे। बैठक के पूर्व सभी विधायकों का पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों के साथ फोटो सेशन भी हुआ। राज्य में ऐतिहासिक बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने कुल 230 सीटों में से 163 सीट पर विजय हासिल की है। बता दें नए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रहे सस्पेंस का अंत हो गया।