सनातन के खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगा इंडी गठबंधन : अनुराग ठाकुर

 23 Dec 2023  94

संवाददाता/in24 न्यूज़।
चेन्नई के एएम जैन कालेज से विकसित भारत संकल्प यात्रा के शहरी वाहनों और माई भारत कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने शाम को कलैवनार अरंगम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इंडी गठबंधन को भारत के नॉर्थ और साउथ में दरार लाने का विफल प्रयास करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सनातन के खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगा है। इन्हें सिर्फ झूठे नैरेटिव खड़ा करना आता है। ये लोग अपनी बातों से अपने आचरण से उत्तर भारत और दक्षिण भारत में दरार पैदा करना चाहते हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग से जुड़े ये लोग भी भारत को टुकड़ों में देखना चाहते हैं। राहुल गांधी से जुड़े सवाल पर अनुराग ने कहा कि उनका आचरण अपरिपक्व, अगंभीर और अलोकतांत्रिक है। राहुल गांधी जी का आचरण सदन और सदन के बाहर शर्मसार करने वाला है। सदन के अंदर युवकों द्वारा फैलाए अराजकता के दौरान जब बाकी सांसद स्थिति काबू में करने की कोशिश कर रहे थे, डरे- सहमे राहुल गांधी पूरी गैरजिम्मेदारी दिखाते हुए वहां से भी चुपचाप खिसक लिए। विधानसभा चुनावों में विपक्ष को मिली हार को उनके बीच दरार पैदा करने वाला बताते हुए अनुराग ने कहा कि आज इंडी गठबंधन के सभी दलों के सुर बदल चुके हैं। सभी अलग-अलग बोल रहे हैं। बता दें कि इंडिया गठबंधन मोदी सरकार के खिलाफ लामबंद हो रहा है।