यूपी बिहार के लोग काम बंद कर देंगे तो थम जाएगी मुंबई : निरुपम

 08 Oct 2018  1032

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

गुजरात में 14 महीने की बच्ची के बलात्कार की घटना के बाद अब उसपर सियासी रंग चढ़ना भी शुरू हो गया है. मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने चेतावनी दी है कि यदि मुंबई में उत्तर भारतीय समाज के लोगों ने काम करना बंद कर दिया तो पूरा शहर थम जाएगा और लोगों को भोजन के लिए भी तरसना पड़ जाएगा। 

कांग्रेस की मुंबई इकाई के अध्यक्ष निरूपम ने किसी व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय ने मुंबई और महाराष्ट्र के प्रति हमेशा आभार प्रकट किया है। नागपुर में उत्तरभारतीयों के एक कार्यक्रम में निरूपम ने कहा, ‘‘उत्तर भारतीय समुदाय मुंबई के लोगों की जिंदगी चलाता है और उनके कंधे का बोझ ढोता है।’’ भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। निरूपम ने कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय के लोग मुंबई शहर के लोगों को दूध, अखबार और सब्जियां मुहैया कराते हैं और ऑटोरिक्शा एवं टैक्सी सेवाएं भी देते हैं।