बिहार के मुख्यमंत्री बनते ही नीतीश का इंडिया गठबंधन पर जोरदार हमला

 29 Jan 2024  1516

संवाददाता/ in24 न्यूज़.  
कल तक इंडियन गठबंधन के सूत्रधार रहे नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनते ही कड़े तेवर दिखाते हुए इंडिया गठबंधन पर जोरदार हमला बोला है। अपने शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार ने पटना में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दिया। नीतीश कुमार से तेजस्वी के बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ने कहा कि हम बिहार के विकास और प्रगति के लिए काम करते हैं। हम यही करते रहेंगे। तेजस्वी कुछ नहीं कर रहे थे। अब मैं वहीं (NDA) वापस आ गया हूं, जहां पहले था और अब कहीं जाने का सवाल ही नहीं उठता। नीतीश कुमार ने बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन और विपक्षी इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके लिए चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। इसी के साथ उन्होंने भाजपा के सहयोग से नई सरकार बनाने का दावा भी पेश किया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। कुमार के पूर्व सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया, जबकि एक अन्य पूर्व सहयोगी कांग्रेस भी अनुपस्थित रही। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन को छोड़कर एनडीए में फिर से शामिल होने और नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने की खबर पर तंज कसा और कहा है कि नीतीश कुमार बिहार के लोगों को बेवकूफ बनाते रहे हैं। नीतीश कुमार एक धूर्त व्यक्ति हैं। भाजपा के साथ उनका गठबंधन 2025 में होने वाले अगले बिहार विधानसभा चुनाव तक नहीं टिकेगा और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नीतीश कुमार अगली बार किसके साथ आएंगे। नीतीश फिर से पलटी मारेंगे और वे राज्य में किसके साथ चुनाव लड़ेंगे ये देखने वाली बात होगी। बता दें कि प्रशांत किशोर भी बिहार में अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने में प्रयासरत हैं।