कांग्रेस को छोड़ कमलनाथ के करीबी सय्यद जाफर ने थामा बीजेपी का दामन

 18 Mar 2024  498

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कांग्रेस से लगातार नेताओं का मोहभंग जारी है। इसी बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कट्टर समर्थक और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सैयद जाफर ने आज कांग्रेस को अलविदा कह कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। राजधानी भोपाल स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जाफर समेत कांग्रेस के कई नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। सैयद जाफर के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. रामसखा वर्मा भी अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। राज्य में इन दिनों लगातार कांग्रेस के नेता पार्टी का साथ छोड़ कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रह चुके वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भी कई पूर्व विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बावजूद कांग्रेस से नेताओं का पलायन जारी है।