अब हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा

 28 Mar 2024  298

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस के बुरे दिन चल रहे हैं। इससे लगातार नेताओं का मोहभंग होने का सिलसिला जारी है। अब इसी कड़ी में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल (84) ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कुछ दिन पहले ही उनके उद्योगपति बेटे नवीन जिंदल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। सावित्री जिंदल के बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। सावित्री जिंदल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की। सावित्री जिंदल ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मैंने विधायक के रूप में दस साल हिसार की जनता का प्रतिनिधित्व किया और मंत्री के रूप में हरियाणा प्रदेश की निस्वार्थ सेवा की है। हिसार की जनता ही मेरा परिवार है और मैं अपने परिवार की सलाह पर आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन के लिए व सभी साथियों का, जिन्होंने हमेशा मुझे अपना सहयोग और मान-सम्मान दिया, उनकी सदैव आभारी रहूंगी। गौरतलब है कि सावित्री जिंदल के बेटे नवीन जिंदल ने 2004-14 तक कांग्रेस सांसद के रूप में लोकसभा में कुरुक्षेत्र निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था, बीजेपी के टिकट पर उसी सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी दस सीटों पर जीत हासिल की थी। भारत की सबसे अमीर महिलाओं में सबसे ऊपर सावित्री जिंदल की उम्र 84 साल है और वे जिंदल समूह का विशाल कारोबार संभाल रही है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, 28 मार्च 2024 तक सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 29.6 अरब डॉलर है. जो भारतीय रुपयों में करीब 2.47 लाख करोड़ रुपए के आस-पास बैठती है। देश की सबसे अमीर महिलाओं की लिस्ट में इनका नाम पहले नंबर पर आता है, तो वहीं दुनिया के टॉप अरबपतियों में सावित्री जिंदल 56वें स्थान पर हैं। जाहिर है इनके कांग्रेस छोड़ने से उसे बेहद धक्का लगा है।  बता दें कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी कांग्रेस के नेता अब खुलकर आवाज़ उठाने लगे हैं।