आंध्र प्रदेश को लेकर राज धर्म का पालन नहीं कर रहे हैं मोदी : नायडू
11 Feb 2019
960
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि आंध्र प्रदेश को लेकर राज धर्म का पालन नहीं कर रहे हैं मोदी। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भाजपा नेतृत्व वाली मोदी सरकार पर हमले जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि राज्य को विशेष दर्जा ना देकर उन्होंने ‘‘राज धर्म’’ का पालन नहीं किया। केंद्र से राज्य को विशेष दर्जा देने और 2014 में इसके विभाजन से पहले किए सभी वादों को पूरा करने की मांग को लेकर सोमवार को यहां एक दिवसीय अनशन पर बैठे नायडू ने मोदी को आगाह किया कि अगर उन्होंने उनके राज्य के लोगों खिलाफ निजी हमले किए तो इसका उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। नायडू ने कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि गुजरात में (2002 दंगों के दौरान) राज धर्म का पालन नहीं हुआ। अब आंध्र प्रदेश में भी राज धर्म नहीं निभाया गया। हमें वह देने से इनकार किया जा रहा है जो जायज तौर पर हमारा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने आंध्र प्रदेश में घोर अन्याय किया है और इसका असर राष्ट्रीय एकता पर पड़ेगा।
गौरतलब है कि महागठबंधन में मोदी के खिलाफ शामिल होने वाले सीएम में चंद्रबाबू नायडू का नाम भी शामिल है.