चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा की मांग लेकर हड़ताल पर बैठे हैं. इस हड़ताल पर हमला बोलते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू जानते हैं कि उनके राजनीतिक सितारे गर्दिश की ओर जा रहे हैं और इसलिए वह सुर्खियां बटोरने के लिए हताशा में नौटंकी पर उतर आये हैं। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख नायडू आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर यहां एक दिन के अनशन पर बैठे थे। आंध्र प्रदेश के लोगों को लिखे अपने खुले पत्र में शाह ने आरोप लगाया कि नायडू ने उनका (जनता) भरोसा तोड़ा और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘‘व्यक्तिगत’’ हमला करके बहुत दूर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नायडू की ‘‘छलावे की राजनीति’’ समाप्त होने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘सत्यमेव जयते’ में पूरा विश्वास है।