मिलिंद देवड़ा का इस्तीफ़ा स्वीकार नहीं किया गया : खड़गे

 27 Jul 2019  906

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से जिस तरह मिलिंद देवड़ा ने इस्तीफ़ा दिया था तब यही लग रहा था कि वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के लिए काम करेंगे, मगर अब यह खबर आई है कि उनका इस्तीफ़ा स्वीकार नहीं किया गया है. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में मंत्री रह चुके गायकवाड़ को मुंबई कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया. दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की मानें तो अब तक मिलिंद देवड़ा का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमलोगों ने एकनाथ गायकवाड़ को मुंबई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. मिलिंद देवड़ा और एकनाथ गायकवाड़ मिलकर काम करेंगे. यह भ्रम था कि जब से मिलिंद देवड़ा ने अपना इस्तीफा सौंपा है वह काम नहीं कर रहे हैं, यह गलत है, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है. कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश से भारत लौटने के एक दिन बाद एकनाथ गायकवाड़ को शुक्रवार को मुंबई क्षेत्र कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने एकनाथ गायकवाड़ को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है.