कोरोना से लड़ने के लिए साध्वी प्रज्ञा ने दिए एक करोड़

 27 Mar 2020  579

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना से सहमे लोगों के लिए सरकार के अलावा कुछ अन्य लोग भी मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं. अब इसी कड़ी में हमेशा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. साध्वी प्रज्ञा ने कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही जंग के लिए अपनी सांसद निधि से एक करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने लोगों को किसी भी स्थिति में मदद की खातिर संपर्क करने के लिए अपना एक मोबाइल नंबर भी जारी किया है। शुक्रवार को सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लोगों से कोरोना महामारी के खिलाफ जागरुक होकर लड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने और इसे रोकने का एक ही तरीका है कि कोई भी अपने घरों से बाहर ना निकले और घर के अंदर रहकर सावधानी बरतें। साध्वी प्रज्ञा ने डब्ल्यूएचओ द्वारा प्रधानमंत्री की तारीफ पर खुशी जताते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश की भलाई के लिए लॉकडाउन का निर्णय लिया है जो कि सराहनीय है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भी प्रदेश में कोरोना के खिलाफ किए जा रहे प्रयासों के लिए उनका आभार जताते हुए सांसद होने के नाते हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। साध्वी प्रज्ञा ने इस जंग के खिलाफ सांसद निधि से एक करोड़ की राशि देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते उनकी सभी अधिकारी से बात चल रही है। वे हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सांसद प्रज्ञा ने लोगों से गरीबों को राशन पानी उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ उन्होंने अपना नंबर 7071499999 जारी किया है और कहा है कि किसी भी स्थिति में लोग इस नंबर पर कॉल कर मदद ले सकते हैं।