कार्यक्रम में बेहोश हुईं बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर

 23 Jun 2020  565

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय जनता पार्टी की विवादित सांसद साध्‍वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक कार्यक्रम के दौरान बेहोश होकर भोपाल में गिर पड़ीं। श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी प्रदर्शनी के दौरान साध्‍वी प्रज्ञा ठाकुर अचानक गश खाकर गिर पड़ीं। जिसके बाद कार्यक्रम में हड़कंप मच गया। ठाकुर को किसी तरह कार्यकर्ताओं ने उठाकर कुर्सी पर बैठाया। कार्यक्रम के दौरान खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे। हाल के दिनों में प्रज्ञा ठाकुर सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही नजर आती हैं। इसके बाद उनकी गुमशुदगी के शहर में पोस्टर भी लगाए गए और विपक्ष ने उनपर निशाना साधा। बीते 31 मई को ही खबर आई थी कि उनकी तबीयत खराब है और वे एम्स में भर्ती हैं। यहां तक कि प्रज्ञा ने वीडियो संदेश देकर कहा था कि उनकी तबीयत इन दिनों ठीक नहीं रहती है। उन्हें एक आंख से दिखना भी बंद हो गया है। फिलहाल डॉक्टरों ने प्रज्ञा ठाकुर को आराम करने की सलाह दी है। प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेसी नेताओं के आरोप को घृणित बताया। ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस हिरासत में ठाकुर के साथ हुई मारपीट के चलते ही उन्हें शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कश्मीर में धारा 370 खत्म होने पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने के साकार होने की बात कही। शिवराज सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई दिशा में बढ़ रहा है।