बदायूं की जनसभा में गरजे पीएम मोदी !

 11 Feb 2017  1579
ब्यूरो रिपोर्ट / in24 न्यूज़

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में घमासान मचा हुआ है। बीजेपी के लिए प्रचार में जुटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदायूं में रैली को संबोधित करते हुए यूपी की अखिलेश सरकार पर सीधा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि आपका काम नहीं बल्कि कारनामा बोलता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'काम बोलता है' को चुनावी नारा बनाया है। इसी को आधार बनाकर अखिलेश यादव वोट मांग रहे हैं। इसी पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उन पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने बदायूं में बिजली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यूपी में बिजली के खंभे में भी भ्रष्टाचार हुआ। आजादी के 70 साल हो गए हैं लेकिन 18 हजार गांव में अभी तक बिजली क्यों नहीं पहुंची ? अपने सरकार की पीठ थपथपाते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बदायूं के 500 गांवों में बिजली पहुंचाई। उन्होंने कहा की बदायूं पिछड़ गया है लेकिन एक कुनबा जरुर आगे बढ़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा विधायक आबिद रजा खान के उस बयान को उठाया जिसमें सपा विधायक ने समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। सपा विधायक ने धर्मेंद्र यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

इस मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि अगर मुलायम सिंह यादव से इस मुद्दे पर पूछा जाता तो वो बच्चा कह के उनको बचाते। क्या सपा सांसद पर कार्रवाई की गई?  प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी में गैरजिम्मेवार सरकार है। अखिलेश यादव ने यादव सिंह को बचाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव और मायावती मिले हुए हैं। सभी इकठ्ठा होकर मोदी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कालेधन को लेकर मेरी लड़ाई को देखकर वो परेशान है। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार गरीबों के लिए बनी है। जनता को ईश्वर का रुप माना जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे जो किसानों, ईमानदारों को हक दिलाने का काम दिया गया है, वही काम हमारी सरकार कर रही है। मोदी ने कहा, "यूपी के थानों में अपराधियों पर नकेल नहीं कसी जाती, यहां अपराधियों की जय-जयकार होती है। सपा के नेता, मंत्री थानों में बैठकर तय करते हैं कि किस पर अत्याचार करना है और किसको परेशान करना है। ये हालात आपको बदलने होंगे। दो कुनबे सामने आए हैं यूपी के चुनाव में, ये अपनी गलतियों को छिपाने के लिए सामने आए हैं।"

पीएम ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उनसे पूछा, यूपी में पुरानी सरकार को अपने काम का हिसाब देना चाहिए कि नहीं। आप इन्हें देखिए। ये दोनों नेता जहां भी जाते हैं, मोदी ऐसा, मोदी वैसा, मोदी ये बोले, मोदी वो बोले। अरे भाई मोदी क्या है, वो जनता जानती है और 2019 में जनता तय कर देगी। अाप अपने काम का हिसाब दो। सीमा पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की हमारे जवानों ने। दुश्मनों को पता नहीं चल रहा है कि ये कैसे हुआ। दुश्मन होश में नहीं आया और यहां लोगों ने सबूत मांगना शुरू कर दिया।" प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि "मैं बदायूं से हिंदुस्तान को खुशखबरी देता हूं। हमारे वैज्ञानिकों ने एक बहुत बड़ा पराक्रम किया है। आज दुनिया में मिसाइल से लड़ाइयां लड़ी जाती हैं। सब मिसाइल बनाकर डरा रहे हैं। हमारे पास भी ताकतवर मिसाइले हैं। आसमान में 200 किलोमीटर के भी ऊपर कोई दुश्मन की मिसाइल आती है तो 150 किलोमीटर के अंदर उसे राख कर दिया जाएगा। आज हमारे वैज्ञानिकों ने इस काम को सफलतापूर्वक अंजाम दे दिया। दुनिया में ऐसे केवल 4-5 देश हैं। लेकिन मुझे पता है कि ये लोग बयान देंगे कि सबूत क्या है। सबूत देखना है तो 150 किलोमीटर ऊपर होकर आ जाओ। नहीं जाएंगे, कहेंगे कि चुनाव के बाद जाएंगे।" कुलमिलाकर अपने लच्छेदार शब्दों से प्रधानमंत्री ने जनता को बांधे रखा और सपा-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अब उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनावी ऊंट किस करवट बैठता है यह देखना बेहद अहम होगा।