रांची के जेल में बिरसा मुंडा की बनेगी प्रतिमा

 06 Nov 2018  1274
संवाददाता/in24 न्यूज़।

गुजरात में लौहपुरुष सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के निर्माण के बाद अनेक अन्य मूर्तियों के निर्माण की बात होने लगी है. झारखंड सरकार रांची के बिरसा मुंडा जेल में बिरसा मुंडा की 25 फीट की प्रतिमा तथा अन्य शहीदों की नौ फीट की प्रतिमा लगायेगी जिसके लिए कुल तीन करोड़, 57 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में सोमवार को यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय का फैसला लिया गया। मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार जेल में कुल दस प्रतिमाओं को लगाए जाने पर कुल 03 करोड़ 57 लाख राशि व्यय की जायेगी। इसके अलावा राज्य सरकार ने 22 पुनर्नियुक्त जिला न्यायाधीशों द्वारा पूर्व में फास्ट ट्रैक कोर्ट में की गई सेवा को पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभ के लिए परिगणित करने की स्वीकृति दी। इसके साथ ही झारखंड कुटुंब न्यायालय नियमावली, 2018 तैयार किये जाने की मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दी।