क्या भारत अमेरिका के साथ है? इस सवाल पर क्या बोले अमेरिका के रष्ट्रपति

 25 Feb 2022  548
संवाददाता/ in24 न्यूज़
 
यूक्रेन और रूस (ukraine and russia war) के बीच चल रहे युद्ध को लेकर पूरी दुनिया दो भागों में बंट गयी है. कई देश अमेरिका के साथ यूक्रेन के पक्ष में हैं तो कई देश रूस के साथ है. इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिस पर दुनिया भर की नजरें टिकी थीं. लेकिन इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिका ने एक बार फिर से यह कहा कि अमेरिका यूक्रेन में नाटो के सैनिक नहीं भेजेगा। इसी बीच एक पत्रकार ने बाइडन से भारत को लेकर सवाल पूछा।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने बाइडन से सवाल किया कि क्या भारत इस मामले में अमेरिका के साथ पूरी तरह खड़ा है? ऐसा माना जा रहा है कि यूक्रेन संकट को लेकर भारत और अमेरिका का रुख समान नहीं है। जबकि रूस के साथ भारत की पुरानी मित्रता रही है। अमेरिका के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी पिछले डेढ़ दशक में अभूतपूर्व गति से बढ़ी है।
 

राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के सैन्य अभियान के बाद यूक्रेन संकट पर अमेरिका भारत के साथ विचार-विमर्श करेगा। बाइडन ने यूक्रेन संकट पर व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘हम (यूक्रेन संकट पर) भारत के साथ विचार-विमर्श करेंगे।’’

बाइडेन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमलावर हैं। पुतिन ने इस युद्ध को चुना और अब पुतिन और उनका देश परिणाम भुगतेंगे। इतना ही नहीं VTB सहित 4 और रूसी बैंकों पर प्रतिबंध भी लगाने की बात कही है। साथ ही बाइडेन ने कहा कि दुनिया के अधिकतर देश रूस के खिलाफ हैं।

एक बार फिर बाइडेन ने यह स्पष्ट किया कि वह यूक्रेन में अपनी सेना नहीं भेजेंगे। बाइडन ने कहा कि रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह नाटो देशों की इंचभर भी जमीन की रक्षा करेंगे। इसके अलावा बाइडेन ने यह भी कहा कि उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत करने की कोई प्लानिंग नहीं है।