पाकिस्तान : मस्जिद में आत्मघाती हमला, 30 की मौत, 50 से अधिक घायल

 04 Mar 2022  407
संवाददाता/ in24 न्यूज़
 
 

पाकिस्तान (pakistan) में हुए एक आत्मघाती हमले (bomber attcked) में करीब 30 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए हैं. घटना शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान घटी, जब पेशावर (Peshawar) के कोचा रिसालदार इलाके में स्थित किस्सा ख्वानी बाजार मस्जिद में एक सुसाइड बॉम्बर ने खुद को उड़ा लिया। उस समय मस्जिद खचाखच भरी थी. इस हादसे के बाद से पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है.


मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जुमा होने के चलते मस्जिद में अधिक भीड़ थी। दोपहर के करीब एक बजे मस्जिद के बाहर गोलियां चलने की आवाज आई। मस्जिद में काफी लोग थे। हम लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक हमलावर हॉल में घुस आया। हमलावर मस्जिद के मुख्य हॉल में घुसा और पुलपिट के सामने खुद को उड़ा लिया। बहुत तेज धमाका हुआ। इसके बाद, हर जगह लाशें और घायल लोग पड़े थे। हर तरफ खून फैला था। घायल चीख रहे थे। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। मस्जिद में मौजूद लोग बाहर की ओर भागे। कुछ देर बाद पुलिस आई। कई एम्बुलेंस आए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। भीड़-भाड़ वाला इलाका होने के चलते एम्बुलेंस को जाने में दिक्कत हो रही थी। इसलिए कई घायलों को स्थानीय लोगों ने बाइक से अस्पताल पहुंचाया गया।
 
इस बारे में सीएम के विशेष सहायक बैरिस्टर सैफ ने पुष्टि की कि विस्फोट एक आत्मघाती हमला था। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने मस्जिद में प्रवेश करने की कोशिश की और फिर विफल होने पर पुलिस के साथ गोलीबारी की। आतंकवादियों में से एक मस्जिद में घुसने में कामयाब रहा और उसने आत्मघाती जैकेट को उड़ा दिया।

प्रत्यक्षदर्शी शख्स ने आगे बताया कि इस मस्जिद पर हमले का खतरा पहले से था। शख्स के मुताबिक, हाल ही में इलाके के एक घर पर हथगोले से हमला किया गया था, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों से सुरक्षा कड़ी करने का आग्रह किया था, लेकिन ऐसा नहीं किय गया, जिसके चलते आज ऐसी घटना हुई।

इस धमाके के बाद पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गयी। सभी घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल ले जाया गया। जहां 10 घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस और सुरक्षा टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर सबूत जुटाना शुरू कर दिया है।

हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने निंदा व्यक्त की और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने के प्रयासों का आदेश दिया। प्रधानमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से विस्फोट पर रिपोर्ट भी मांगी और जांच के आदेश दिए। तो वहीं खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने भी विस्फोट की निंदा की और केपी के पुलिस महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी।