अफगानिस्तान में पहले भूकंप ने तो अब बाढ़ ने ली 400 की जान

 23 Jun 2022  394

संवाददाता/in24 न्यूज़.

कुदरत के कहर से अफगानिस्तान (Afganistan) परेशान है। मंगलवार देर रात आए भूकंप के बाद अब लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ ने अफगानिस्तान में जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। अफगानिस्तान में लगातार बारिश के कारण हाल ही में आई बाढ़ में 400 लोग मारे गए हैं। इसकी पुष्टि तालिबान सरकार ने की है। खबर के मुताबिक बाढ़ ने कुनार, नंगरहार, नूरिस्तान, लगमन, पंजशीर, परवन, काबुल, कपिसा, मैदान वर्दक, बामियान, गजनी, लोगर, समांगन, तखर, पक्तिया, सर-ए-पुल, खोस्त और दाइकुंडी प्रांतों के साथ-साथ सालंग क्षेत्रों को प्रभावित किया है। प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के उप मंत्री मावलवी शरफुद्दीन मुस्लिम ने बयान में कहा कि घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया है। बाढ़ में जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें खाली करा लिया गया है और टेंट मुहैया कराया गया है। बयान में कहा गया है कि बाढ़ से आर्थिक नुकसान भी हुआ है। बता दें कि 2022 में, अफगानिस्तान में प्राकृतिक आपदाओं से 30,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। फिलहाल लोगों को कुदरत के कहर ने ख़ौफ़ज़दा कर रखा है।