अमेरिका में भारतीय महिलाओं पर किया गया नस्लीय हमला

 26 Aug 2022  466

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अमेरिका के टेक्सास में कुछ भारतीय महिलाओं पर नस्लीय हमले का मामला सामने आया है। यह घटना टेक्सास के प्लानो शहर के सिक्स्टी वाइन्स रेस्टोरेंट के बाहर हुई। यहां चार महिलाएं भारतीय लहजे में बात कर रही थीं। उसी वक्त एक मेक्सिकन-अमरीकी मूल की महिला ने इन पर नस्लीय टिप्पणियां और गालियां दीं। यहां तक की उस महिला ने एक भारतीय महिला को थप्पड़ भी मारा। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें रेस्तरां के बाहर एक महिला को रेस्तरां की पार्किंग में भारतीय महिलाओं के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। साढ़े पांच मिनट के इस वीडियो में महिला एक महिला को थप्पड़ मारते भी नज़र आई है। महिला ने गोली मारने की भी धमकी दी। वहीं प्लानो पुलिस की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, महिला का नाम एस्मेराल्डा अप्टन है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला पर शारीरिक चोट और आतंकवादी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में जांच जारी है। इस घटना को पुलिस ने एक घृणित अपराध के तौर पर लिया है। बता दें कि भारतीय लोग दुनिया के कई देशों में जाकर बेस हुए हैं अमेरिका भी उनमें से एक है।