अमेरिकी कंपनियों में छंटनी के बीच हजारों भारतीय बेरोजगार

 25 Jan 2023  231

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अमेरिका (America) में वैश्विक आर्थिक चुनौतियों (global economic challenges) के बीच छंटनी का दौर जारी है। कई बड़ी टेक कंपनियों ने अपने हजारों कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसका असर सीधा उनके परिवार पर पड़ रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने चिंता जाहिर की है।व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जीन पियरे ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति समझते हैं कि नौकरी जाने का असर प्रत्यक्ष रूप से उसके परिवार पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अर्थव्यवस्था में स्थिरता लाने के लिए प्रयासरत है और वह यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था सभी के लिए काम करती है। अमेरिका में जिन लोगों को नौकरी से बाहर किया गया है, उसमें बड़ी संख्या में भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स भी हैं। वे H-1B वीजा पर देश में रह रहे हैं। अब देश में रहने के लिए उन्हें वीजा नियमों के आधार पर तय समय-सीमा के अंदर नई नौकरी खोजना होगा, जो एक चुनौती भरा काम है। दरअसल, H-1B वीजा एक गैर-प्रवासी वीजा है, जो अमेरिकी कंपनियों को विदेशी श्रमिकों को नियोजित करने की अनुमति देता है। बड़ी आईटी कंपनियों की बात करें तो गूगल से लेकर माइक्रोसॉफ्ट और फेसबुक तक में छंटनी का दौर जारी है। पहले माइक्रोसॉफ्ट, फेसबुक, अमेजन जैसी कंपनियों ने कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किया। इसके बाद हाल ही में गूगल जैसी दिग्गज कंपनी ने अपने 12000 कर्मचारियों को बाहर करने की घोषणा कर दी। इससे पहले अमेजन से 18 हजार और मेटा से 10 हजार लोगों को निकाला गया था। बता दें कि छंटनी के बाद बेरोजगारों की संख्या में और वृद्धि होने लगी है।