रिश्ता बिगड़ने के डर से ब्रिटेन की नई महारानी नहीं पहनेंगी कोहिनूर जड़ा ताज

 16 Feb 2023  429

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भी भारत का कोहिनूर (Kohinoor) हीरा ब्रिटेन की चमक बढ़ा रहा है। किंग चार्ल्स (King Charles) की पत्नी कैमिला (Camilla) मई में अपने राज्याभिषेक के लिए क्वीन मैरी (Queen Mary) का ताज (Crown) पहनेंगी। इस दौरान वह विवादित 105-कैरेट कोहिनूर हीरे वाले मुकुट को पहनने से परहेज करेंगी। बकिंघम पैलेस ने इसकी जानकारी दी है। बता दें कि भारत ने लगातार कोहिनूर हीरे को वापस करने की मांग की है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत के साथ रिश्ते न बिगड़े, इस बात को ध्यान में रखते हुए रॉयल फैमिली ने यह फैसला लिया है। कोहिनूर दुनिया के सबसे बड़े कटे हुए हीरों में से एक है। ईस्ट इंडिया कंपनी इसे भारत से लेकर ब्रिटेन गई थी और महारानी विक्टोरिया को भेंट किया गया था। अंतिम बार चार्ल्स की दादी ने अपने राज्याभिषेक के दौरान इसे अपने मुकुट पर धारण किया था। कैमिला 1911 में राज्याभिषेक के लिए किंग जॉर्ज पंचम की पत्नी क्वीन मैरी द्वारा पहना गया ताज पहनेंगी। 100 साल पुराने इस ताज में कुछ बदलाव भी किए जाएंगे। बता दें कि सितंबर में अपनी मां महारानी एलिजाबेथ की मृत्यु पर चार्ल्स कनाडा, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित 15 क्षेत्रों के राजा बन गए। हालांकि, उनकी रानी पत्नी कैमिला का आधिकारिक राज्याभिषेक छह मई को लंदन के वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा।