मुंबई में चार साल की बच्ची से रेप के आरोप में स्कूल कर्मचारी गिरफ्तार

 06 Feb 2024  643

संवाददाता/ in24 न्यूज़.  
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कांदिवली से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने कहा कि मुंबई के कांदिवली पूर्व के अशोक नगर में एक स्कूल में चार वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में एक स्कूल कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने इस मामले में पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने दो फरवरी को स्कूल से घर लौटने के बाद शरीर में दर्द की शिकायत की थी। पुलिस ने बताया कि घटना तब सामने आई जब मां ने बच्चे से विश्वास में लेकर बात की। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कहा कि बच्चे ने हमले के बारे में घटना बताई और खुलासा किया कि आरोपी ने चॉकलेट देने के बहाने नाबालिग को वॉशरूम में बुलाया। बता दें कि मां तुरंत बच्चे को लेकर पास के अस्पताल गई जहां डॉक्टरों ने पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद हमले की पुष्टि की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि स्कूल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है। बता दें कि ऐसे में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा हो गया है।