अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से सात की माैत, सौ से अधिक घायल

 06 Feb 2024  704

संवाददाता/ in24 न्यूज़.  
एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में कई विस्फोटों के साथ भीषण आग लग गई। यह विस्फोट मध्य प्रदेश के हरदा जिले में संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अभी तक सात लोगों की माैत की खबर है, वहीं सौ से ज्यादा लोग घायल हैं। इस घटना में दर्जनों मकानों मे दरारें आ गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना को लेकर मंत्रालय में आपात बैठक बुलाई है। घटना की जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें दिख रहा है कि सड़कों पर शव बिखरे पड़े हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि मेरा घर करीब 200 मीटर दूर है, उसके भी टीन उड़ने लगे। हम घबराकर बाहर भागे। इसी दौरान फिर से ब्लास्ट हुआ। एक के बाद एक कई धमाके हुए। जानकारी के मुताबिक,  मगरधा रोड स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को विस्फोटों के साथ आग लग गई। यह आग भीषण रूप ले चुकी है और उसने कई मकानों को भी प्रभावित किया है। आसमान पर आग और धुएं के गुबार नजर आ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में कई लोग हताहत हो सकते हैं। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस हादसे के बाद कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।