शादी के दौरान दूल्हे को आया पुरोहित पर गुस्सा तो कर दी पिटाई

 28 Feb 2024  685

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
शादी में अक्सर दूल्हे को खुश देखा जाता है, मगर लखनऊ में शादी के मंडप में दूल्हे द्वारा पुरोहित की पिटाई का मामला सामने आया है। यहां रामपुर गढ़ी स्थित क्लासिक रेस्टोरेंट में रात निगोहां कोतवाली में तैनात सिपाही सोनू जाटव की शादी थी। जिसमें विवेक शुक्ल पुरोहित थे। सप्तपदी के वक्त सिपाही ने पुरोहित पर जल्दी-जल्दी मंत्र पढ़ कर विवाह संपन्न कराने के लिए ज़ोर डाला। इसके बावजूद पुरोहित इसके लिए तैयार नहीं हुआ। जिससे नाराज होकर दूल्हा बने सिपाही ने पुरोहित को पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने पर पुरोहित के भाई के साथ भी मारपीट की गई। यह आरोप लगाते हुए पीड़ित ने निगोहां थाने में तहरीर दी है। बता दें कि मेरठ निवासी सोनू जाटव की शादी निगोहां रामपुर गढ़ निवासी ओमप्रकाश की बेटी से थी। निगोहां थाने में तैनात सिपाही ने गाजियाबाद में शादी होने की बात कर कर एसओ अनुज से छुट्टी मांगी गई थी। वहीं, केवल करीबी लोगों के साथ वह बारात लेकर पहुंचा था। रात करीब डेढ़ बजे सोनू शादी के मंडप में पहुंचा। पुरोहित विवेक शुक्ल ने सप्तपदी के मंत्र पढ़ने शुरू किए। हर मंत्र का अर्थ बताते हुए विवेक विवाह को शास्त्रीय पद्धति से संपन्न कर रहे थे। इस बात से सोनू नाराज हो गया। उसने पुरोहित पर जल्दी ही विवाह संपन्न कराने के लिए कहा। दूल्हे की यह बात सुन कर विवेक ने उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन सिपाही को यह नागवार गुजरा। आरोपी सिपाही ने मंडप में ही पुरोहित विवेक को पीटना शुरू कर दिया। एसओ निगोहां अनुज के मुताबिक सोनू जाटव ने गाजियाबाद में शादी होने की बात कह कर छुट्टी ली थी। पुरोहित विवेक की तहरीर मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। बता दें कि इससे पहले किसी दूल्हे ने शादी के दौरान पुरोहित पर हाथ छोड़ा हो, ऐसी खबर नहीं है।