मुंबई पुलिस ने छोटा राजन गैंग के गुर्गे को किया गिरफ्तार

 28 Feb 2024  599

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
माफिया सरगना छोटा राजन गैंग के एक गुर्गे को मुंबई पुलिस ने वर्ली से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुआ है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान श्याम तांबे उर्फ सेवियो रॉड्रिग्स (42) के रूप में हुई है, जिसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा को विशेष सूचना मिली थी कि तांबे मध्य मुंबई में वर्ली के जीजामाता नगर इलाके में आ रहा है। सूचना के मुताबिक, जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा क़ि वर्ली पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि तांबे छोटा राजन गिरोह का सक्रिय सदस्य था और उस पर मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और शस्त्र अधिनियम सहित कई मामले दर्ज थे। बता दें कि एक ज़माने में छोटा राजन की तूती बोला करती थी।